मथुरा - एसकेएस कॉलेज पर दो दिन से चल रहे धरने में चेयरमैन के साथ मारपीट; पुलिस ने भांजी लाठियां, कई छात्र हुए गम्भीर घायल

वैन (राज ठाकुर राजावत - मथुरा, उत्तर प्रदेश) :: चौमुह - राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एसकेएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन ने छात्र छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ दूसरे दिन भी जमकर धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की। पुलिस प्रशासन द्वारा छात्र छात्राओं को समझाया गया तो वो और उग्र होते हुए दिखाई दिए। इसी दौरान जब कालेज के चेयरमैन एसके शर्मा ने जब छात्र- छात्राओं से बात कर उन्हें समझाने की कोशिश की तो छात्र छात्राओं ने उनके साथ धक्का मुक्की करना शुरू कर दिया। ऐसे में चेयरमैन के बचाव में आए कॉलेज फैकल्टी बच्चों के साथ मारपीट करने लगे। जब मामला बढ़ता हुआ नजर आया तो पुलिस भी लाठी चार्ज करने पर उतारू हो गई। पुलिस द्वारा किए गए लाठी चार्ज में कई छात्र छात्राएं घायल हो गई। गम्भीर रूप से घायल कार्तिक खर्व व प्रांजलि सक्सेना को केडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाने के लिए कॉलेज प्रशासन द्वारा कोई भी वाहन सुविधा मुहैया नही कराई गई। छात्राएं चैयरमैन एसके शर्मा का धेराव करते हुए न्याय की गुहार लगाती हुई नजर आई। छात्रों ने आरोप लगाया कि एसकेएस कॉलेज सत्ताधारी भाजपा नेता का है। सत्ता की हनक में अब उन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर आरोप लगाया है कि वह पढ़ाई के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूलते हैं। समय पर उनके एग्जाम नही कराए जाते हैं। दो साल में एक बार एग्जाम हुए हैं। उनमें भी उन्हें फेल कर दिया गया है। इसके साथ ही छात्र छात्राएं अपनी कोई भी परेशानी लेकर कॉलेज प्रशासन के पास जाते हैं तो वो उन्हें फटकार लगाकर भगा देते हैं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि होस्टल में रह रही छात्राओं अस्वादिष्ट खाना दिया जाता है। होस्टल की लाइट काट दी जाती हैं। उनकी क्लासेज सुचारू रूप से संचालित कराने के लिए कोई भी अध्यापक नही रखा जाता है। जो कोई टीचर अच्छा पढ़ाता है, उसे ही भगा दिया जाता है। धरनास्थल पर छाता तहसीलदार विवेकशील यादव भी पहुँच गए। तहसीलदार ने छात्रों की समस्याओं को सुनते हुए उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

चेयरमैन एसके शर्मा ने बताया कि छात्रों को उनकी समस्या के समाधान के लिए 3 दिसम्बर तक का समय मांगा गया था। जिसमें 90 प्रतिशत छात्र संतुष्ट थे। किंतु कुछ छात्र हंगामा करने लगे, जिसमें उनके हंगामे के बीच कुछ छात्र घायल हो गए।

Responses

Leave your comment