~ ढोल-ढप की धुन पर हुरियारे हुए मदमस्त, चरकुला नृत्य ने खूब रिझाया
वैन (जगदीष गोकुलिया, गोवर्धन, मथुरा - 07.03.2026) :: गिरिराज धाम के दसविसा स्थित मानसी गंगा मुकुट मुखारविंद गिरिराज जी के प्रांगण में होली के अवसर पर हुरंगा का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत रिसीवर कपिल चतुर्वेदी ने गिरिराज प्रभु को गुलाल अर्पित कर की, जिसके बाद ढोल-ढप की धुनों के बीच हुरियारे और हुरियारिनों ने जमकर उत्साह के साथ होली खेली। रसिया गायन और जयकारों के बीच हुरियारिनों ने लाठियां चलाकर खेल दिखाया तो हुरियारों ने रंग और फूल वर्षाकर बचाव कर खूब रिझाया। रंग-गुलाल और संगीत के बीच देर शाम तक होली की मस्ती छाई रही। साथ ही चरकुला नृत्य ने सभी को खूब रिझाकर आनन्दित किया। पुलिस ने व्यवस्थाओं को संभालते हुए असमाजिक तत्वों पर नजर रखी। थानाध्यक्ष भगवत सिंह गुर्जर ने दर्शन कर होली त्यौहार त्यौहार सकुशल पूर्ण होने पर प्रभु गिरिराज महाराज का आभार जताया। मंदिर रिसीवर कपिल चतुर्वेदी ने आगन्तुक हुरियारिनों को फगुआ की चिट्ठी वितरित की।
इस दौरान प्रबंधक चंद्र विनोद कौशिक, गजेंद्र सिंह, सुनील, रोहित शर्मा, देवेन्द्र शर्मा, गोपाल शर्मा, मुकेश शर्मा, कोकन, विरजो गुरु, लक्ष्मीकांत, मनोज शर्मा, श्याम मास्टर, मनोज पाठक, मुरारी मास्टर सहित समाज के सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।
Responses
Leave your comment