प्रधानमंत्री मोदी आज कुरुक्षेत्र में करेंगे चुनावी सभा को सम्बोधित; पार्टी बोली एक लाख लोग होंगे शामिल

वैन (राजीव शर्मा - कुरूक्षेत्र, हरियाणा) :: देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आज कुरूक्षेत्र आगमन पर क्षेत्रवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशियों की लहर है। इसे कार्यक्रम के मद्देनज़र भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर सभी क्षेत्रवासियों को सभा में पहुंचने का न्यौता दे रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि इस सभा में एक लाख से ज्यादा लोग पहुंच कर गौरवमयी पल का लाभ उठायेंगे। संवाददाताओं से बात करते हुए कुरुक्षेत्र जिले के थानेसर विधानसभा के विधायक सुभाष सुधा ने थीम पार्क में आयोजित रैली की तैयारियों का जायजा लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की रैली को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा की नीति और नीयत विकास कार्यो को करने की रही है। आज आमजन इन्हीं नीतियों से खुश होकर प्रदेश में सरकार बनाना चाहता है। सुधा ने बताया कि कार्यकर्ता से लेकर पार्टी के नेताओं ने थानेसर के गांव से लेकर शहर तक इस रैली में पहुंचने के लिए न्यौता भेजा है और मोदी के विचार सुनने के लिए लगभग एक लाख लोग इस बात के साक्षी बनेगें। भाजपा नेता साहिल सुधा, नगरपरिषद् अध्यक्षा उमा सुधा, सुगंधा सुधा, थानेसर प्रभारी रविन्द्र सांगवान, शशि सैनी, विशाल सिंगला, धर्मपाल सैनी, जयभगवान शर्मा डीडी, रमेश सुधा, प्रदीप झांब, राजीव गर्ग, राहुल राणा सहित भाजपा के तमाम पदाधिकारी, कार्यकर्ता गली-गली, गांव-गांव जाकर लोगों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली में पहुंचकर उनके विचारों को सुनने का निमन्त्रण दे चुके हैं।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्ष 2019 में तीसरी बार धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में हरियाणा वासियों को सम्बोधित करेंगे। उनके साथ मंच पर पांच जिलों की 17 विधानसभा सीटों के प्रत्याशी मौजूद रहेंगे। इनमें कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, करनाल और कैथल जिले शामिल हैं। इन जिलों में 21 विधानसभा हैं। करनाल जिले के घरौंडा व असंध और अंबाला जिले के नारायणगढ़ हल्के के प्रत्याशी शामिल नहीं होंगे। कार्यक्रम की जिम्मेदारी केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और हरियाणा प्रभारी डॉ. अनिल जैन को सौंपी गई है।

Responses

Leave your comment