कब तक जवान तिरंगे में लिपटे आते रहेंगे? यह बात मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं - प्रधानमंत्री मोदी

वैन (राजीव शर्मा / अर्जुन शर्मा - कुरुक्षेत्र, हरियाणा) :: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में आयोजित विजय संकल्प रैली में पीएम नरेंद्र मोदी ने सभा में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा जनादेश लोकसभा नतीजों की तरह प्रचंड होना चाहिए और तमाम रिकॉर्ड टूटने चाहिए। हर बूथ से रिकॉर्ड वोट कमल के निशान पर लगने चाहिए। मोदी आज धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में यमुनानगर अंबाला और कैथल के साथ-साथ करनाल जिलों के भजपा प्रत्यशियों के पक्ष में वोट की अपील करने आये थे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पर्यटन के क्षेत्र में बढ़ावे के लिए प्रयासरत है और भारत का संसार के लोकप्रिय पर्यटन स्थानों में 31 रैंक का सुधार हुआ है। भारत 65 वें पायदान से सुधर कर 34 वे नंबर पर पहुंच गया है। साथ ही मोदी बोले कि कुरुक्षेत्र भारतीय संस्कृति की विरासत है, हम इसे सिरमौर बनाने के प्रयासरत हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक बनने से कुरुक्षेत्र विकास के नए आयाम छुएगा। कांग्रेस पर प्रहार करते हुए मोदी ने कहा कि धारा 370 को लेकर कांग्रेसी दर्द से मारे-मारे फिर रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पूरा देश श्री गुरुनानक देव जी का 550वां प्रकाशोत्सव मनाने की तैयारी कर रहा है। साथ जो हमें मिला है मुझे उम्मीद है इस बार का प्रकाश पर्व चारों तरफ खुशियां व नई उम्मीद लेकर के आएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान हमने आपसे तीन बड़े वादे किए थे। राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूत करेंगे, भारतीय एकता अखंडता और अधिक मजबूत करेंगे, किसानों की आय को बढ़ाने के लिए प्रयास करेंगे। जल्द ही यह तीन बड़े वादे जमीन पर उतरने शुरू हो चुके हैं।

राफेल का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री बोले कि दशहरे के दिन फ्रांस ने पहला राफेल जेट भारत को दिया। आपको खुशी हुई कि नहीं हुई? आपको आया कि नहीं आया? आपका विश्वास बढ़ा कि नहीं बढ़ा? सबके साथ-साथ भारत की सैन्य ताकत भी बढ़ी है। हम आनंदित हो रहे हैं कि भारत देश संसार में सबसे आगे बढ़ रहा है, लेकिन यह कांग्रेस नेताओं को रास नहीं आ रहा है। आतंक के सरपरस्त कांग्रेस के बयानों का सहारा लेकर भारत पर ही निशाना साध रहे हैं। राजनीति अपनी जगह पर होती है, चुनाव आते हैं और जाते हैं। जीत और हार लगी रहती है। परंतु देश की राष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत होनी चाहिए। कब तक हमारे देश के जवान शहीद होते रहेंगे? कब तक उनके शव तिरंगे में लिपटे आते रहेंगे? यह बात मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं।

Responses

Leave your comment