ठंड ने अख्तियार किये तीखे तेवर; कहीं बर्फ़बारी, कहीं ओले तो कहीं हो रही बेमौसम बरसात

वैन (दिल्ली / राजस्थान / हिमाचल / उत्तराखंड / पंजाब / हरियाणा / बिहार ब्यूरो रिपोर्ट) :: मौसम के मिजाज में देखते ही देखते घंटों में तब्दीली आ गई है। बिहार के कई इलाकों में सुबह से ही बादल छाए रहे और हवा के साथ पानी की रफ्तार भी तेज रही। इसी वजह से ठंड में अच्छी खासी बढ़ोतरी हुई। माना जा रहा है कि शनिवार को बारिश हो सकती है। तापमान में कमी आएगी और वातावरण में ठिठुरन भी बढ़ेगी। विशेषज्ञों ने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि गुरुवार से मौसम में तब्दीली आएगी। इसका असर बुधवार को ही दिखने लगा था। गुरुवार को दिन भर बदली छाई रही। बीती रात ठंड का अच्छा खासा असर दिखाई दिया। रेलवे स्टेशन व अन्य स्थानों पर रिक्शा चालक रिक्शा पर ही ठंड से बचाव करते नजर आए तो कई स्थानों पर लोग अलाव तापते दिखाई दिए। अगले दो दिन ठंड में और इजाफा होने की संभावना है। शनिवार को बारिश होने की संभावना जताई गई है, इस दौरान हवा की रफ्तार तेज रहने की संभावना है। नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसका असर यहां भी पड़ा है।बिहार में एक ट्रफ बनी हुई है जिसकी वजह से गुरुवार शाम से पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में तेज बारिश हुई है। आज भी इन इलाकों में बारिश जारी रहने के अनुसार है। बारिश की वजह से इन इलाकों में पारा गिरा है। ओलावृष्टि की वजह से कुछ जगहों पर फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।

जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से हो रही बर्फबारी कल (गुरुवार को) और तेज हो गई। माता वैष्णो देवी में मौसम की पहली बर्फबारी हुई। वैष्णो देवी के साथ ही त्रिकुटा पर्वत, भैरव घाटी और सांझीछत पर बर्फ की मोटी चादर चढ़ गई है। यहां देर रात तक बर्फबारी जारी रही। बर्फबारी से वैष्णो देवी में दर्शन के लिए पहुंचने वाले पर्यटकों की खुशी का ठिकाना नहीं है। पत्नी टॉप और नत्था टॉप पर भी पर्यटक बर्फबारी का जमकर आनन्द ले रहे हैं। गुरुवार को गुलमर्ग समेत ऊपरी इलाकों में दिनभर बर्फबारी होती रही। श्रीनगर व जम्मू के निचले इलाकों में दिनभर बारिश से पूरे राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बर्फबारी की वजह से जम्मू से कश्मीर को जोड़ने वाले जवाहर टनल को बंद कर दिया गया है। बर्फबारी से जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर 270 किलोमीटर तक हाईवे ठप है। हाईवे पर मौजूद वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। इसके अलावा पुंछ व राजौरी से जम्मू को जोड़ने वाले मुगल रोड और श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर भी यातायात बंद है। मौसम विभाग ने राज्य में भारी बारिश और बर्फबारी के बीच हिमस्खलन और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं देश के कई मैदानी इलाकों में गुरुवार से शुरू हुई बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी ने पूरे देश में मौसम का मिजाज बदल दिया है। गुरुवार रात और शुक्रवार तड़के हुई बारिश के दौरान कई जगहों पर ओले भी पड़े हैं। कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर अब भी जारी है। इसकी वजह से लगभग पूरे देश में पारा गिरा है। मौसम विभाग और स्काईमेट के अनुसार अलगे कुछ दिनों तक मौसम का ये रुख बरकरार रहेगा। इसे देखते हुए कुछ जगहों पर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। जानें- किस राज्य में कैसा है मौसम का हाल और अगले एक सप्ताह बारिश व बर्फबारी की क्या संभावना है?

गुरुवार को पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत कई मैदानी इलाकों में भारी बारिश के साथ ओले गिरे हैं। ओले से फसलों को नुकसान भी पहुंचा है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी इलाकों में भी गुरुवार को बारिश के साथ काफी बर्फबारी हुई है। जम्मू के वैष्णो देवी में सीजन की पहली बर्फबारी से पहाड़ ढक गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को मैदानी और पहाड़ी इलाकों में बारिश व हिमपात जारी रहने की संभावना है। इसके साथ ही अलर्ट जारी किया गया है कि बर्फबारी की वजह से पहाड़ों पर मुस्किलें बढ़ सकती हैं। हिमपात की वजह से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। पहाड़ी इलाकों में अगले अगले दो दिन तक बारिश और बर्फबारी जारी रहने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत अन्य मैदानी इलाकों में भी अगले दो दिन तक तेज बारिश के आसार बने हुए हैं। इस दौरान कई जगह पर ओले भी गिर सकते हैं। बारिश और ओले की वजह से अधिकांश स्थानों पर ठंड बढ़ेगी।

गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में भी जमकर बारिश हुई। इस दौरान हरियाणा के कई इलाकों में ओले भी गिरे हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में भी अगले दो दिन तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। इससे दिल्ली-एनसीआर में ढंड बढ़ेगी, लेकिन बारिश से लोगों को प्रदूषण से राहत मिलने के आसार है।

हिमाचल प्रदेश में गुरुवार से जबरदस्त बर्फबारी हो रही है। हिमाचल के पहाड़ बर्फ की मोटी चादर से ढक चुके हैं। भीषण बर्फबारी की वजह से राज्य के कुफरी और नारकंडा इलाके में नेशनल हाईवे 5 को बंद कर दिया गया है। रोहतांग में डेढ़ फीट बर्फबारी हुई है। इसकी वजह से रोहतांग दर्रा बंद कर दिया गया है। इससे लाहुल के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुल्लू में वर्फबारी से 22 सड़क रूट प्रभावित हुए हैं। नेशनल व स्टेट हाईवे समेत कई सड़क मार्गों पर यातायात पूर्ण रूप से प्रभावित है। मनाली में सीजन का पहला हिमपात होने से पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं।

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी गुरुवार को जबरदस्त बर्फबारी हुई है। अल्मोड़ा जिले के चौबटिया में शुक्रवार को भी ताजा बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने यहां आज भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। इसकी वजह से सड़क मार्ग सहित कुछ अन्य जरूरी सेवाएं बाधित हो सकती हैं। लोगों को हिदायत बरतने को कहा गया है।

बारिश और बर्फबारी की वजह से मध्य प्रदेश में भी पारा काफी नीचे पहुंच चुका है। मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से में बारिश बढ़ सकती है। भोपाल समेत मध्य प्रदेश के कई इलाकों में ठंड के साथ कोहरे का कहर शुरू हो गया है। भोपाल में शुक्रवार सुबह काफी घना कोहरा देखा गया। इसकी वजह से विजिबिलिटी काफी कम रही। दिन में भी लोगों को गाड़ियों की हेडलाइट व पार्किंग लाइट जलाकर वाहन चलाना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा और पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश आसपास भी मौसम शुष्क रहेगा। पूर्वोत्तर में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।

वहीं, मौसम का ताजा मिजाज अगले दो दिन में मध्य भारत के कुछ इलाकों को भी भिगाने के मूड में है। मध्य प्रदेश समेत छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं गुजरात के कच्छ, पाटन, मेहसाना, बनासकांठा और सबरकांठा सहित दक्षिणी राजस्थान में भी हल्की बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत में मौसम फिलहाल शुष्क बना रहेगा। कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। तमिलनाडु से श्रीलंका तक एक ट्रफ बना हुआ है। इससे तमिलनाडु और दक्षिणी केरल में बारिश की संभावना है। तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है। हांलाकि, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक आसपास के इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

Responses

Leave your comment